सोनभद्र।पुलिस लाइन चुर्क के कॉन्फ्रेंस हॉल में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा की अध्यक्षता में सैनिक सम्मेलन एवं मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में आगामी धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, चित्रगुप्त जयंती और डाला छठ के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थलों, बाजारों, पूजा पंडालों और धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। साथ ही पैदल गश्त और रात्रिकालीन गश्त को बढ़ाया जाए। डाला छठ के घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा गया। पटाखा दुकानों पर सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्था का पालन कराने पर भी जोर दिया गया।बैठक में अपराध नियंत्रण, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी, लंबित विवेचनाओं तथा तीन दिवसीय एनबीडब्ल्यू अभियान की समीक्षा की गई। एसपी ने वाहन चोरी, नकबजनी और अन्य लंबित घटनाओं का अनावरण करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने और चोरी गए माल की बरामदगी करने के निर्देश दिए।गैंगस्टर एक्ट, पिट एनडीपीएस तथा एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-एफ के तहत अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को भी कहा गया।इसके अलावा साइबर अपराध, ऑनलाइन शिकायतों और ठगी की धनराशि को होल्ड कर पीड़ितों को वापस कराने की कार्रवाई की समीक्षा हुई। एसपी ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुम मोबाइल फोन की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा।आईजीआरएस, जनसुनवाई, यक्ष एप, ई-साक्ष्य और एसआईडी से जुड़ी कार्रवाइयों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। 60 या 90 दिन से अधिक लंबित विवेचनाओं तथा आगामी 10 दिनों में निर्धारित अवधि पूरी करने वाली विवेचनाओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने को कहा गया।साथ ही त्योहारों के दौरान शांति बनाए रखने के लिए पीस कमेटी की बैठकें करने, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को भी कहा गया।सैनिक सम्मेलन में एसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं एवं सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने की अपील की।बैठक में एएसपी, सीओ, थाना प्रभारी समेत पुलिस, अभियोजन, जेल, होमगार्ड, जीआरपी, आरपीएफ, वन एवं आबकारी विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
