मोहाली
पंजाब को नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत मोहाली पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। माननीय डीजीपी पंजाब और डीआईजी रोपड़ रेंज के दिशा-निर्देशों के तहत एसएसपी मोहाली श्री वरुण शर्मा, आईपीएस के नेतृत्व में जिले के विभिन्न संवेदनशील इलाकों और चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट्स में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज मोहाली पुलिस द्वारा जिले के कई इलाकों में CASO (Cordoning and Search Operation) ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने डेराबस्सी, खरड़ और मोहाली के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों एवं स्थानों की गहनता से जांच की।
जानकारी के अनुसार, थाना डेराबस्सी के अंतर्गत देहा बस्ती, मुबारिकपुर में पुलिस द्वारा CASO ऑपरेशन चलाया गया। वहीं, खरड़ के चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्र बंगाला बस्ती में डीएसपी खरड़-1 की निगरानी में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इसके अतिरिक्त, थाना फेज-1 के अंतर्गत वार्ड नंबर-3 में भी पुलिस टीमों द्वारा CASO अभियान के तहत चेकिंग और तलाशी अभियान चलाया गया।
इन अभियानों के दौरान पुलिस द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, घरों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही नशा तस्करी से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखते हुए संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई।
एसएसपी मोहाली श्री वरुण शर्मा, आईपीएस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करना मोहाली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नशे की खरीद-फरोख्त, सप्लाई और युवाओं को नशे की दलदल में धकेलने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के सभी चिन्हित ड्रग हॉटस्पॉट्स पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी और समय-समय पर विशेष नाकाबंदी, चेकिंग एवं CASO ऑपरेशन चलाए जाएंगे।
मोहाली पुलिस का कहना है कि ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान केवल नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, नशा मुक्त वातावरण तैयार करना और समाज में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है। इस अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी।
