संवाददाता अजय कुमार शिवहर
सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को नोडल विभाग बनाने की मांग, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
शिवहर। राज्यकर्मी का दर्जा देने और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग को नोडल विभाग घोषित करने की मांग को लेकर बेल्ट्रॉन कर्मियों ने रविवार को शिवहर जीरो माइल चौक से जिला पदाधिकारी के आवास के निकट चिह्नित धरना स्थल तक रोड मार्च निकाला।
रोड मार्च में शामिल डाटा एंट्री ऑपरेटर, प्रोग्रामर, स्टेनोग्राफर और आईटी ब्वॉय-गर्ल ने राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जताते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार, संरक्षक मुकेश कुमार और सचिव अमन कुमार ने कहा कि बिहार में बेल्ट्रॉन के माध्यम से करीब 25 हजार कर्मी विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं। शिवहर जिले में भी लगभग 200 कर्मी विभिन्न विभागों में सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1997 से कर्मियों की सेवाएं ली जा रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक राज्यकर्मी का दर्जा और सेवानिवृत्ति संबंधी लाभ नहीं मिल पाया है।
कर्मियों ने कहा कि वे सरकारी विभागों में टंकण और ऑनलाइन कार्यों की जिम्मेदारी निभाते हैं, इसके बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।
कर्मियों ने मांग की कि उनके पद सृजित कर राज्यकर्मी का दर्जा दिया जाए और वेतनमान लागू किया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की चेतावनी दी।
