डायट के नवाचार मेले में हासिल किया तृतीय स्थान, 16 विकासखंडों के 160 शिक्षकों ने साझा किए शिक्षण के नए प्रयोग
परसपुर गोण्डा।। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), दर्जीकुआं में आयोजित नवाचार मेला एवं नॉलेज शेयरिंग कार्यक्रम में शिक्षा क्षेत्र परसपुर अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा नोहर के विज्ञान शिक्षक मनोज कुमार चतुर्वेदी ने अपने उत्कृष्ट शैक्षिक नवाचार से जिले में तीसरा स्थान हासिल किया। जूनियर एवं कंपोजिट स्तर पर उनके नवाचार को सराहना मिली।।
इस प्रतियोगिता में कंपोजिट विद्यालय कोल्हमपुर, नवाबगंज के राजेश कुमार मिश्रा ने प्रथम तथा कंपोजिट विद्यालय लोलपुर के धर्मेंद्र कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्राथमिक स्तर पर मनकापुर की प्रज्ञा तिवारी प्रथम, स्वाती मलिक द्वितीय और इटियाथोक की सुधा यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
डायट प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक रामसागर पति त्रिपाठी ने विजेताओं को मोमेंटो और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि नवाचार मेले का उद्देश्य शिक्षकों के रचनात्मक प्रयोगों को साझा करना है, ताकि अन्य शिक्षक भी उनसे प्रेरणा लेकर अपने विद्यालयों में नई शिक्षण पद्धतियां अपनाएं और बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाएं।
डायट प्रवक्ता संदीप जायसवाल ने बताया कि जिले के 16 विकासखंडों से आए 160 प्रतिभागियों ने अपने नवाचार प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल, अतिथियों और डीएलएड प्रशिक्षुओं ने शिक्षकों के प्रयोगों की सराहना की। इस अवसर पर मोहम्मद शरीफ, अर्जुन वर्मा, वीर बहादुर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
