संवाददाता अजय कुमार शिवहर
खाजेपुर पुल के समीप बुलेट और पिकअप में हुई जोरदार टक्कर, एक की मौके पर मौत, दूसरे ने SKMCH में तोड़ा दम
शिवहर। जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत खाजेपुर पुल के समीप बुधवार को भीषण सड़क हादसे में बुलेट मोटरसाइकिल सवार दो किशोरों की मौत हो गई। तरियानी की ओर से आ रही बुलेट की पिकअप वाहन से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने मुजफ्फरपुर स्थित श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के सरवरपुर निवासी राजेश कुमार सिंह के 15 वर्षीय पुत्र राज कुमार तथा पोझीया निवासी रवीशंकर कुमार सिंह के 17 वर्षीय पुत्र युवराज कुमार के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दो किशोरों की असमय मौत से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो किशोरों की मौत हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फरार पिकअप वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार चालक की तलाश में जुटी है।
