
-
फिरोजाबाद में भीषण सड़क हादसा: न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौत, दो कारों की टक्कर के बाद हाईवे पर पलटी स्विफ्ट डिजायर
मक्खनपुर थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, कार पलटने से सिर में आई गंभीर चोट; मौके पर तोड़ा दम
फिरोजाबाद। मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर बुधवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। दो कारों की टक्कर के बाद तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर कई पलटे खाते हुए हाईवे पर पलट गई। हादसे में कार सवार न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से न्यायिक एवं प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, न्यायिक मजिस्ट्रेट सोनम चतुर्वेदी की कार मक्खनपुर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे से गुजर रही थी। इसी दौरान दो कारों के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट डिजायर अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई।
हादसे में सोनम चतुर्वेदी के सिर में गंभीर चोट आई, जिसके चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया है कि सोनम चतुर्वेदी आगरा की निवासी थीं और उनकी तैनाती फिरोजाबाद में थी। वह मूल रूप से मैनपुरी जिले के चंदीकरा गांव की रहने वाली थीं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक न्यायिक अधिकारी की असामयिक मौत से क्षेत्र में शोक व्याप्त है।
स्थान: मक्खनपुर थाना क्षेत्र, फिरोजाबाद।
- रिपोर्टर अमित पालीवाल
- इंडियन टी वी न्यूज़
