भदोही 12 जुलाई 2023ः- जिलाधिकारी गौरांग राठी के अभिनव पहल के अन्तर्गत शुरू किये गये 50 ‘‘ग्राम ज्ञानालय’’ सुचारू रूप से क्रियाशील है। जिलाधिकारी के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में संचालित ग्राम ज्ञानालय में मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग के विषय विशेषज्ञों व प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा छात्र/छात्राओं को अध्यापन व मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में आज जिला सूचना अधिकारी डॉ0 पंकज कुमार ने ग्राम ज्ञानालय व अभ्युदय के छात्रों को मोटिवेशन क्लासेज लेते हुए उन्हें प्रेरित किया तथा विभिन्न परीक्षाओं आईएएस,पीसीएस ,यूजीसी नेट, सीटेट, यूपीटेट आदि परीक्षाओं के पाठ्यक्रम व क्वेश्चन बैंक पर रणनीतिक तैयारियों सहित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने इतिहास,कला एवं संस्कृति के विभिन्न आयामों से परिचित कराया।डॉ पंकज कुमार ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप अपने जीवन के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर हैं, जहां आप अपनी लगन, मेहनत अध्ययनशीलता से मनोवांछित परीक्षा में सफल होकर अपने जीवन को स्वर्णिम आयाम प्रदान कर सकते हैं। उन्होंने प्रतियोगियों से कहा कि अपने पढ़ने वाली मेज व सामने की दीवार पर पाठ्यक्रम को अवश्य रखें, किसी भी परीक्षा में सिलेबस ,प्रीवियस ईयर क्वेश्चन बैंक व प्रैक्टिस सेट सफलता में निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। आप अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहें और अपना शत प्रतिशत फोकस करें सफलता अवश्य मिलेगी।डॉ0 पंकज कुमार ने संस्कृति व सभ्यता पर प्रकाश डालते हुए दोनों के अंतरों को बतलाया। उन्होंने कहा कि किसी भी सभ्यता का उद्भव और विकास के साथ पतन अवश्य होता है, जबकि संस्कृति शाश्वत/सनातन रहती है ।उन्होंने सनातन संस्कृति के आयामों से छात्रों को रूबरू कराया। अपने अध्यापन के दौरान उन्होंने इकबाल की प्रसिद्ध रचना -यूनान मिस्र रोमा सब मिट गए जहां से,
कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी”से भारतीय संस्कृति की विशेषताओं पर प्रकाश डाला। भारतीय स्थापत्य/वास्तुकला की तीन शैलियों – नागर ,बेसर व द्रविड़ शैलियों
के अंतर को बतलाते हुए नागर शैली में निर्मित गुप्तकालीन कला, चंदेल कला, बेसर शैली में निर्मित चालुक्य व होयसल के मंदिर, द्रविड़ शैली में निर्मित पल्लवों व चोलों के मंदिरों की शैलीगत विशेषताओं को रेखांकित किया।उन्होंने यूनेस्को के विश्व धरोहर स्थल से विभूषित अनेक मंदिरों चोल शासक राजराज का तंजौर का बृहदेश्वर मंदिर, कोणार्क का सूर्य मंदिर, खजुराहो का कंदरिया महादेव मंदिर, अजंता व एलोरा की गुफाओं आदि पर प्रकाश डाला।डॉ0 पंकज कुमार ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुपालन में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना व ग्राम ज्ञानालय के अन्तर्गत जनपद के ग्रामीण क्षेत्र के प्रतियोगियों को रणनीतिक तैयारी व मार्गदर्शन देते हुए उन्हें उनके मनोवांछित परीक्षाओं में सफलता दिलाना है।
भदोही से नितेश उपाध्याय की रिपोर्ट