ब्यूरो चीफ करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
चन्दौली वाराणसी मार्च महीने के अंतिम सप्ताह में ही वाराणसी में पारा 38 डिग्री तक जा पहुंचा है. इसको देखते हुए अब भीड़भाड़ वाले स्थान पर गर्मी से निपटने के इंतजाम भी शुरू हो चुके हैं. इसको लेकर काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने लू, धूप और गर्मी से बचाने के लिए प्लान बना लिया है. जल्द ही इसे लागू भी कर दिया जाएगा. ताकि देश और दुनिया भर से रिकॉर्डतोड़ श्रद्धालुओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना न करना पड़े.
काशी विश्वनाथ धाम यानी विश्वनाथ कॉरिडोर में धूप, गर्मी, लू और तपिश से बचाव के बारे में मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने ‘आजतक’ से बात की. उन्होंने बताया कि काशी विश्वनाथ धाम में आए हुए श्रद्धालुओं के लिए वाटर कूलर, जमीन पर गीली जूट की मैट, छांव के लिए जर्मन हैंगर की भी व्यवस्था रहेगी. आधुनिक तकनीक के जरिए भी श्रद्धालुओं को गर्मी से बचाव के लिए बेहतर सुविधा देने की कोशिश की जा रही है।