खुर्जा। खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के विंदा वाला चौक इलाके में काली शोभायात्रा के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब किन्हीं कारणों से दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभायात्रा के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और थप्पड़ चलने लगे। मारपीट के दौरान युवकों के कपड़े तक फट गए। वायरल वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवक एक-दूसरे पर हमला करते और हाथापाई करते हुए साफ नजर आ रहे हैं।
हालांकि, दोनों गुटों के बीच अचानक हुए इस झगड़े की असली वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी आरोपी युवक मौके से फरार हो चुके थे। खुर्जा कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वायरल वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज की मदद से उपद्रवियों को चिह्नित किया जा रहा है, और जल्द ही दोनों पक्षों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।