*बजट ने युवा, महिला,किसान और गरीब की अपेक्षाओं को पूरा किया- पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह*
रिपोर्टर महेंद्र पाण्डेय
सागर। मप्र सरकार का यह सर्वस्पर्शी बजट है जो युवाओं,महिलाओं,किसानों सहित सभी वर्गों को साथ लेकर मध्यप्रदेश को प्रगति के पथ पर ले जाएगा। मुख्यमंत्री डा. श्री मोहन यादव जी और वित्त मंत्री श्री जगदीश देवड़ा जी ने इस बजट में गरीब कल्याण की योजनाओं को प्राथमिकता दी है। बजट की यह बड़ी उपलब्धि है कि इतनी अधिक जनहितैषी व गरीब कल्याण की योजनाओं के बावजूद एक भी नया टैक्स जनता पर नहीं लगाया गया है। पूर्व गृहमंत्री, वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मध्यप्रदेश विधानसभा में पेश किए गए बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में यह विचार रखे हैं।
पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि लाडली बहना और लाडली लक्ष्मी योजना के लिए 26560 करोड़ की राशि, पीएम आवास योजना में अंशदान हेतु 4 हजार करोड़ की राशि का प्रावधान रख कर मुख्यमंत्री जी ने गरीब कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई है। 5 करोड़ से अधिक आबादी को नि: शुल्क खाद्यान्न और एक हजार अस्पतालों को आयुष्मान योजना से जोड़ कर गरीब निम्न मध्यवर्गीय परिवारों के लिए नि: शुल्क इलाज की सुविधाओं का बजट में प्रावधान किया गया है, इससे गरीबों के प्रति बजट में संवेदनशीलता का पता चलता है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लिए 50 करोड़ और मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के लिए 250 करोड़ का प्रावधान करके सरकार ने गरीब परिवारों की अपेक्षाओं को पूरा किया है।
श्री सिंह ने कहा कि यह सच्चे मायनों में किसान हितैषी बजट कहा जाएगा। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लिए बजट में 4900 करोड़ और पीएम फसल योजना के लिए 2000 करोड़ का प्रावधान है। प्रदेश के 82 लाख किसानों को सहायता पहुंचाने और 48 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त सिंचाई का रकबा बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसके लिए केन बेतवा नदी लिंक परियोजना के लिए 44105 करोड़ का प्रावधान किया गया है जिससे बुंदेलखंड के एक बड़े इलाके की अर्थव्यवस्था और तस्वीर बदल जाएगी। पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि गौपालकों और गौसंवर्धन के लिए अतिरिक्त प्रावधान करके मुख्यमंत्री डा मोहन यादव ने प्रदेश में दुग्ध उत्पादन के साथ गौसंरक्षण को बढ़ावा देने दिशा में बड़ा ही ठोस कदम उठाया है। फसलों की तरह दूध उत्पादन पर भी बोनस का प्रावधान किया गया है और गौशालाओं के लिए अनुदान राशि दोगुनी करते हुए प्रति पशु 40 रु कर दी गई है इससे गौशालाओं के संचालन में सुधार आएगा और लोगों की रूचि इस ओर बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के उत्पादों को बड़े बाजारों से जोड़ने के लिए 800 करोड़ की बड़ी राशि रखी गई है जिससे महिलाओं का अर्थ व्यवस्था में योगदान बढ़ेगा। साथ ही उज्वला योजना में 560 करोड़ के व्यय के साथ गृहणियों का जीवन आसान बनाया जाएगा।
पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि युवाओं को एक लाख सरकारी नौकरियां उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार ने ठोस निर्णय लिए हैं जो इस बजट में देखे जा सकते हैं। इसके अलावा रोजगार परक उद्योगों की स्थापना की दिशा में बड़े कदम सरकार ने उठाए हैं जिसकी झलक बजट में है। केंद्र सरकार की अतिरिक्त वित्तीय सहायता पर पूर्व मंत्री श्री सिंह ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी का आभार व्यक्त किया है और कहा है कि इससे प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने में बहुत सहायता मिल सकेगी। शिक्षा के क्षेत्र में आकर्षक प्रावधानों के साथ अनुसूचित जनजाति समाज को मुख्य धारा में लाने के लिए 40,804 करोड़ के प्रावधान पर पूर्व मंत्री श्री भूपेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री डा मोहन यादव को विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया हैं