खबर सहारनपुर से
सहारनपुर: “नो हेलमेट, नो फ्यूल” आदेश की खुली उड़ रही धज्जियां, पेट्रोल पंप पर बेधड़क मिल रहा ईंधन
सहारनपुर। जिला प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा सख्ती से लागू किए गए “नो हेलमेट, नो फ्यूल” आदेश का जगन्नाथ पेट्रोल पंप पर खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। कलेक्ट्रेट से मात्र 150 मीटर की दूरी पर स्थित इस पेट्रोल पंप पर बिना किसी रोक-टोक के दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल दिया जा रहा है, चाहे उन्होंने हेलमेट पहना हो या नहीं।
प्रशासनिक नियमों की अनदेखी का यह सिलसिला लगातार जारी है। किसी भी कर्मचारी द्वारा ग्राहकों को हेलमेट पहनने के लिए बाध्य नहीं किया जा रहा, जिससे सड़क सुरक्षा नियमों का मजाक बनता नजर आ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या जिलाधिकारी का आदेश इस पेट्रोल पंप पर लागू नहीं होता? या फिर इस पंप को प्रशासन से किसी तरह की छूट मिली हुई है?
क्या आदेशों का पालन सिर्फ कागजों तक सीमित?
मुख्यमंत्री और प्रशासन की ओर से बिना हेलमेट पेट्रोल न देने के सख्त निर्देश हैं, ताकि सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। लेकिन सहारनपुर में यह आदेश सिर्फ कागजों तक सीमित लगता है। जिलेभर में अन्य पेट्रोल पंपों पर बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं दिया जा रहा, लेकिन कोर्ट रोड पर स्थित जगन्नाथ पेट्रोल पंप पर यह नियम निष्क्रिय दिखता है।
क्या प्रशासन इस लापरवाही पर कार्रवाई करेगा या फिर यह अनदेखी यूं ही जारी रहेगी? यह सवाल सहारनपुर की जनता अब जिलाधिकारी से पूछना चाहती है।
रिपोर्टर रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़