संवादाता विकाश विश्वकर्मा शहडोल
जिला मुख्यालय के 4 परीक्षा केन्द्रो में संपन्न हुई राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा
…
प्रथम पाली में 1147 तथा द्वितीय पाली में 1143 परीक्षार्थियों ने दी परीक्षा
..
मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की वर्ष- 2025 की प्रारंभिक परीक्षा रविवार 16 फरवरी को जिले के 4 परीक्षा केन्द्रो में दो पालियो में प्रातः 10 से दोपहर 12:00 तक एवं दोपहर 2:15 बजे से शाम 4.15 बजे तक आयोजित की गई। संभागीय पर्यवेक्षक राजकुमार पाठक (सेवा निवृत्त आईएएस) द्वारा शहडोल संभाग के तीनों जिलों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
परीक्षा प्रभारी एवं डिप्टी कलेक्टर श्रीमती एंटोनियो एक्का ने बताया है पंजीकृत परीक्षार्थी 1368 में से प्रथम पाली में कुल 1147 तथा द्वितीय पाली में 1143 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, प्रथम पाली में 221 एवं द्वितीय पाली में 225 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा प्रभारी ने बताया है कि परीक्षा को संपन्न करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थी। शहडोल जिले में प्रारंभिक परीक्षा के लिए 4 परीक्षा केंद्र राज्य लोक सेवा आयोग द्वारा निर्धारित किए गए थे जिसमें शासकीय बालक हाई स्कूल शहडोल, शासकीय महारानी लक्ष्मी बाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल, शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल (जस्तंभ के पास), शासकीय बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शहडोल (स्टेडियम के पास) शामिल थे। परीक्षा केन्द्र में केंद्राध्यक्ष सहित आवश्यक अमले की तैनाती की गई थी।
परीक्षा केन्द्रो में परीक्षार्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था के साथ ही पेयजल, साफ सफाई, प्रकाश व्यवस्था की गई थी तथा प्रारंभिक परीक्षा को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए आवश्यक प्रबंध के साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक पुलिस बल भी तैनात किया गया था।