उरई(जालौन):
गौरैया संरक्षण व पर्यावरण जागरूकता पर नदीगांव में भव्य आयोजन:
गौरैया संरक्षण के लिए घरौंदे बांटे, पर्यावरण बचाने का संदेश:
कोंच,नदीगांव विकासखंड के बी.आर.सी. कनासी प्रांगण में विश्व गौरैया दिवस पर एक जागरूकता गोष्ठी, एस.एम.सी. प्रशिक्षण व मिशन पीपल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए), उपजिलाधिकारी कोंच ज्योति सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह व अन्य अधिकारियों ने भाग लिया। बीएसए चंद्रप्रकाश ने गौरैया के संरक्षण की अनूठी पहल की सराहना करते हुए हस्तनिर्मित घरौंदे बांटे और गौरैया की विलुप्त होती प्रजाति के संरक्षण की अपील की। छात्राओं ने गौरैया संरक्षण पर विशेष गीत प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी प्रभावी हो गया। खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रत्येक विद्यालय में पीपल व गुलमोहर के वृक्ष लगाए जाएंगे और इस मुहिम को सफल बनाने के लिए शिक्षकों को संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी एस.एम.सी. (स्कूल मैनेजमेंट कमेटी) प्रशिक्षण के दौरान देवेंद्र जाटव, अभिषेक गोस्वामी, कमल सिंह दोहरे व विभुवन पटेल ने विद्यालय प्रबंधन व योजनाओं के सफल क्रियान्वयन पर जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि एसडीएम कोंच ज्योति सिंह ने कहा कि हरा-भरा वातावरण ही गौरैया को वापस ला सकता है और जहां गौरैया होती हैं, वहां खुशियां स्वतः आ जाती हैं। संजय सिंघाल ने गौरैया संरक्षण पर एक सुंदर काव्य पाठ किया, जिससे उपस्थित लोग भावविभोर हो गए। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के तीन सौ से अधिक शिक्षक, अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे कार्यक्रम का संचालन संजय सिंघाल ने किया, जबकि हरीमोहन रजक, प्रवेश कुमार, अतुल उपाध्याय, विवेक उपाध्याय व अन्य शिक्षकों ने व्यवस्थाएं संभाली। कार्यक्रम के अंत में खंड शिक्षा अधिकारी दिग्विजय सिंह ने सभी को पर्यावरण संरक्षण व गौरैया बचाने का संकल्प दिलाया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश