नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो हजारीबाग
बेलासोती में लोहे का खंभा लदा ट्रेलर पलटा, चालक बाल-बाल बचा
हजारीबाग/दारू: एनएच-522 दारू थाना के समीप बेलासोती में लोहे का खंभा लदा ट्रेलर (एनएल 01 एन 4502) मंगलवार रात करीब 10 बजे अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में ट्रेलर चालक बाल-बाल बचा। ट्रेलर चालक प्रमोद यादव ने बताया कि दुर्गापुर से वह ट्रेलर में लोहे का खंभा लोड कर टंडवा की ओर जा रहा था। इस दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक हाइवा बेलासोती के संकीर्ण पुलिया में घुस गई। उसी के बचाव में ब्रेक लगाने पर ट्रेलर अनियंत्रित होकर सडक के किनारे बेलासोती में पलट गई। उसने बताया कि यदि ट्रेलर को सडक के किनारे नहीं किया होता तो हाइवा और ट्रेलर की आमने-सामने की टक्कर में बडा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता था। बता दें कि एनएच-522 के बेलासोती की पुलिया काफी संकीर्ण है। यहां एक साथ दो बडे वाहन पास नहीं कर पाती है जिसके कारण यहां आएदिन सडक हादसे होते हैं। यहां लगातार सडक हादसा होने के कारण पुलिया का गार्डवाल भी टूट-टूटकर समाप्त हो गया है। जिससे इस सडक पर सफर करने वाले राहगीरों के लिए खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोग एवं राहगीरों ने एनएच विभाग से बेलासोती की संकीर्ण पुलिया की मरम्मति और चौडीकरण करने की मांग की है।