खबर सहारनपुर मंडल से
भारत विकास परिषद् का अधिष्ठापन एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
मुज़फ़्फरनगर। भारत विकास परिषद्, हस्तिनापुर (विकास रत्न) प्रान्त द्वारा प्रान्तीय अधिष्ठापन, सम्मान एवं दायित्व बोध समारोह हरि वृन्दावन पैलेस में अत्यंत भव्यता एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ सामूहिक एकत्रीकरण एवं दोपहर भोज से हुआ, जिसके पश्चात मंचीय कार्यक्रम प्रारम्भ हुआ।
इस अवसर पर भारत विकास परिषद की रीढ़ माने जाने वाले बुनियादी स्तम्भ, राष्ट्रीय सेवा गतिविधि के सह-संयोजक श्री अनुराग दुबलिश जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने सहारनपुर मेन शाखा के पूर्व अध्यक्ष व समर्पित समाजसेवी श्री तरस तृप्त जैन ‘टी.टी. भाई’ को प्रतीक चिन्ह भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया। श्री जैन के सामाजिक योगदान एवं संगठन के प्रति निष्ठा को समस्त उपस्थितजनों ने सराहा।
मुख्य अतिथि श्री तरुण शर्मा एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में नव-नियुक्त प्रान्तीय कार्यकारिणी का विधिवत अधिष्ठापन सम्पन्न हुआ। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने परिषद् के मूल मंत्र— सेवा, संस्कार, समर्पण —को स्मरण कराते हुए संगठन की भावी दिशा पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में महिला सदस्यों की सक्रिय भागीदारी एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर भी विशेष बल दिया गया। उपस्थितजनों ने चटपटी चाट व जलपान का भरपूर आनंद लिया। संपूर्ण आयोजन में परिषद के प्रति समर्पण, अनुशासन व संगठन की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई।
रिपोर्टर रमेंश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़