*बाढ आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित*
जिले में बाढ़ आपदा नियंत्रण तथा राहत कार्यों की पूर्व की तैयारियों की समीक्षा के संबंध में शनिवार 3 जुलाई को कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में बाढ आपदा प्रबंधन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री जीपी माली द्वारा राहत कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने नगर पालिका एवं लोक निर्माण विभाग को चिन्हित राहत पुनर्वास केंद्रों की लगातार मॉनिटरिंग करने एवं इन केंद्रों पर साफ सफाई, भोजन, विश्राम आदि मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ आपदा की स्थिति में बाढ़ से प्रभावित इलाकों से लोगों के त्वरित राहत केंद्रों तक पहुंचने के लिए बस वाहनों एवं चालकों के पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड को मोटरबोट , नाव आदि सुरक्षा उपकरणों को सक्रिय रखनें एवं उन्हें संभावित प्रभावित इलाकों में बेहतर तरीके से नियोजित करने के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर श्री माली ने कहा कि बाढ़ आपदा नियंत्रण एवं राहत कार्यों के कोर विभागों के अधिकारियों की कंट्रोल रूम , आपदा राहत सहित विभिन्न केंद्रों में ड्यूटी लगाई जाए। साथ ही उच्च स्तर पर समन्वय के लिए संबंधित अधिकारियों के डेटाबेस तैयार रखें। उन्होंने सभी अनुविभागों में एसडीएम की अध्यक्षता में सब डिविजनल बाढ़ आपदा प्रबंधन समूह की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अवधेश प्रताप सिंह ने कहा कि बाढ़ के एलर्ट सायरन को इस प्रकार स्थापित किया जाए की ताकि सभी संभावित प्रभावित क्षेत्र में सायरन कि आवाज कवर हो सके।
बैठक में डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आर के एस चौहान ने बताया कि वर्तमान में पूरे जिले में 14 आपदा राहत केंद्र बनाए गए हैं, जहां मोटर बोट ,नाव आदि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और होमगार्ड के पर्याप्त बल की तैनाती की गई है। अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती सविता पटेल ने बताया कि जिला स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष कलेक्ट्रेट कार्यालय में स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे सक्रिय है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष का दूरभाष क्रमांक 07574- 251292 एवं 7223915454 है।
बैठक में अपर कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी राहत श्री आदित्य रिछारिया, डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री आर के एस चौहान,तहसीलदार शहर श्रीमती निधि चौकसे, मुख्य नगरपालिका अधिकारी होशंगाबाद सुश्री माधुरी शर्मा, अधीक्षक भू-अभिलेख श्रीमती सविता पटेल, एसडीओ लोक निर्माण विभाग श्री पी के जैन, नायाब तहसीलदार श्री ललित सोनी उपस्थित रहें।
होशंगाबाद इंडियन tv न्यूज़ चैनल से
ब्यूरो चीफ वीरेन्द्र सिंह चौधरी