पिनाहट में लूट और चोरी की घटनाओं से दहशत का माहौल, लुटेरों के हौसले बुलंद
आगरा – थाना पिनाहट क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से लूट और चोरी की घटनाओं में तेजी से इजाफा हुआ है। शुक्रवार तड़के एक बुजुर्ग महिला के कान से कुंडल लूटने की घटना से कस्बे में सनसनी फैल गई। वहीं, एक ही रात में भैंस और बकरी चोरी की दो घटनाओं ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सुबह करीब चार बजे कस्बे के चचिहा रोड निवासी मीरा देवी (उम्र लगभग 60 वर्ष) अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। तभी एक मैक्स गाड़ी वहां आकर रुकी, जिसमें पांच लोग सवार थे। इनमें से एक युवक ने पानी मांगा और बताया कि गाड़ी में आम लदे हैं, लेकिन मीरा देवी को शक हुआ जब उन्होंने देखा कि उसमें भैंस लदी हुई है। वह घर के अंदर जाने लगीं, तभी एक युवक ने पीछे से उनके बाएं कान का कुंडल झटके से खींच लिया, जिससे उनका कान फट गया और वह घायल हो गईं। लुटेरे मैक्स लेकर मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए भिजवाया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
इसी रात कस्बे के राजाखेड़ा रोड पर स्थित रामनरेश परिहार के घर के बाहर बंधी एक लाख रुपये मूल्य की भैंस भी चोरी हो गई। CCTV फुटेज में दिखा कि रात करीब तीन बजे एक मैक्स और एक कार वहां आकर रुकी और भैंस को गाड़ी में लादकर ले गई।
थाना मनसुखपुरा के मंहगोली गांव में भी मंगल प्रजापति के घर के बाहर बंधे पांच बकरे और दो बकरियों को अज्ञात चोर मैक्स गाड़ी में भरकर ले गए।
ग्रामीणों का मानना है कि यह सभी घटनाएं एक ही गिरोह की करतूत हैं, जो लगातार इलाके में सक्रिय है। लगातार हो रही घटनाओं से क्षेत्रवासी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों और आम जनता का कहना है कि पुलिस का भय लुटेरों के मन से समाप्त हो चुका है।
स्थानीय निवासियों की मांग है कि प्रशासन तुरंत प्रभावी कार्रवाई करे, क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और CCTV कैमरों की निगरानी को और सुदृढ़ किया जाए ताकि असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जा सके।