बिजली लाइन की चपेट में आकर तीन गौवंश की मौत
फतेहगंज पश्चिमी। बैगुल नदी पुल के पास झूल रही बिजली लाइन की चपेट में आकर तीन गौवंश की मौत हो गई।विश्व हिंदू गौ रक्षक संघ के कार्यकर्ताओं की सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सा अधिकारी ने गौवंश को मृत घोषित कर दिया।लेकिन बिजली विभाग कर्मियों ने कोई सुध नहीं ली है।
जानकारी के मुताबिक बैगुल नदी के पास एक दिन पहले आए आंधी तूफान में मीरगंज को जाने वाली विद्युत लाइन नीचे आ गई। जिससे मंगलवार को जंगल में घूम रहे आवारा गौवंशीय तीन पशुओ की विद्युत लाइन के चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे विश्व हिंदू गौ रक्षक महासंघ के जिला उपाध्यक्ष महिपाल गुर्जर,तहसील प्रभारी नवनीत गंगवार ने नाराजगी व्यक्त करते हुए खंड विकास अधिकारी को सूचना दी। बीडीओ आनंद विजय यादव के निर्देश पर पशु चिकित्सा अधिकारी देश दीपक गंगवार ने शाम को मौके पर पहुंच कर तीनों गौवंशीय पशुओं का पंचनामा भरकर उनको जमीन में जेसीबी से गड्ढा खोदकर दफन कर दिया। लेकिन हादसे की सूचना के बाबजूद देर शाम तक कोई बिजली कर्मी मौके पर नहीं पहुंचा जिससे गौ रक्षक महासंघ और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। महिपाल सिंह गुर्जर ने बताया मीरगंज विद्युत लाइन है। लेकिन फतेहगंज पश्चिमी के विद्युत कर्मी पहुंचे है।वह दूसरे विद्युत सब स्टेशन की लाइन होने के कारण ठीक करने से इनकार कर रहे है। खंड विकास अधिकारी आनंद विजय यादव ने बताया मौके पर पशु चिकित्सा अधिकारी को भेजकर उनका पंचनामा भरवाकर जमीन में दफन करा दिया गया है। इसके अलावा बिजली विभाग के मीरगंज एसडीओ को लाइन दुरस्त करने के लिए आग्रह किया गया है।
प्रवन पाण्डेय
जिला संवाददाता बरेली