उरई(जालौन):
प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन:
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून को पुलिस लाइन में एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस महत्वपूर्ण आयोजन की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग विभाग के राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री, संजय सिंह गंगवार करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 6:00 बजे से 8:00 बजे तक चलेगा, जिसमें विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली बच्चे, योग प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में आम नागरिक सक्रिय रूप से भाग लेंगे। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने जिले की जनता से अपील की है कि वे इस विशेष योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लें और योग के महत्व को अपने जीवन में उतारें।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख
उरई-जालौन) उत्तर प्रदेश