यूजीसी नेट परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों से मनमाने दाम वसूले जाने की खबर सामने आई है। चितोरा रोड स्थित भारती विद्या मंदिर शिक्षा समिति परीक्षा केंद्र पर व्यवस्थाओं की भारी कमी और निजी लोगों की मनमानी ने छात्रों की परेशानियों को और बढ़ा दिया है।
बाहर से आने वाले छात्र-छात्राओं के लिए ऑटो चालकों ने मानो परीक्षा को कमाई का सीजन समझ लिया है। छात्रों से परीक्षा केंद्र तक छोड़ने के लिए ₹250 से ₹300 तक की भारी-भरकम राशि मांगी जा रही है।
जो परीक्षार्थी स्वयं की गाड़ी या बाइक से परीक्षा केंद्र पहुंच रहे हैं, उनसे पार्किंग शुल्क के नाम पर मनमानी वसूली की जा रही है।
इतना ही नहीं, परीक्षा केंद्र पर लॉकर रूम की सुविधा न होने के कारण परीक्षार्थियों को अपना मोबाइल और बैग बाहर निजी व्यक्तियों के पास चार्ज देकर जमा करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार मोबाइल रखने पर ₹20 और अन्य सामानों पर ₹10 तक का शुल्क लिया जा रहा है।
परीक्षा के लिए जरूरी मूलभूत सुविधाओं की जिम्मेदारी जहां कॉलेज प्रशासन की होनी चाहिए, वहीं यह जिम्मेदारी निजी लोगों के माध्यम से एक व्यवसायिक मॉडल में बदल दी गई है।
छात्रों और उनके परिजनों ने इस पूरे मामले पर नाराजगी जताई, ताकि भविष्य में परीक्षा देने वाले छात्रों को इस तरह की असुविधा और आर्थिक शोषण का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव