पिपरा काजी (महराजगंज), 9 जुलाई 2025:
ग्रामसभा पिपरा काजी में बीती रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब तीन संदिग्ध चोरों में से एक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार पकड़े गए युवक ने अपना नाम और पता सिसवा बाजार, जनपद महाराजगंज बताया है।
ग्रामीणों के अनुसार, देर रात कुछ लोगों की संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जिसके बाद सतर्क ग्रामीणों ने पीछा कर तीन में से एक युवक को धर दबोचा। गुस्साए ग्रामीणों ने पहले उसकी जमकर “मेहमान नवाज़ी” की और बाद में 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अपनी हिरासत में लेकर थाने ले गई है।
घटना के बाद पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि रात्रिकालीन गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाए।
थाना प्रभारी का बयान:
“हमें रात में ग्रामीणों की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर युवक को हिरासत में लिया गया है। आगे की जांच की जा रही है।”
ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से एक बड़ी चोरी की घटना टल गई, लेकिन दो अन्य संदिग्धों के फरार होने से ग्रामीणों में चिंता बरकरार है। पुलिस अब फरार अभियुक्तों की तलाश में जुट गई है।
रवि प्रताप सिंह ( ब्यूरो चीफ महराजगंज )