कैराना सांसद इकरा हसन पर अभद्र टिप्पणी: नानौता चेयरमैन रुमाना अफजाल खान ने की कठोर कार्रवाई की मांग
नानौता: करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र राणा द्वारा कैराना सांसद इकरा हसन के खिलाफ की गई अभद्र और अशोभनीय टिप्पणी ने सोशल मीडिया पर विवाद को जन्म दे दिया है। इस मामले में नानौता नगर पंचायत चेयरमैन रुमाना अफजाल खान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर योगेंद्र राणा के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है।
रुमाना अफजाल खान ने अपने पत्र में कहा कि भाजपा सरकार ने महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और पुलिस हेल्पलाइन। लेकिन एक महिला सांसद पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी न केवल उनका, बल्कि देश की सभी महिलाओं का अपमान है। उन्होंने इस घटना को शर्मनाक बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
वहीं, रुमाना के पति अफजाल खान ने भी इस मामले पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि महिला पर इस तरह की टिप्पणी आम जनता पर भी गलत प्रभाव डालती है। उन्होंने आरोप लगाया कि योगेंद्र राणा की टिप्पणी से उत्तर प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
समाजवादी पार्टी ने भी इस मामले में कठोर कार्रवाई की मांग की है। सोशल मीडिया पर यह विवाद लगातार तूल पकड़ रहा है, और लोग इस मुद्दे पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। जनता और नेताओं ने एक स्वर में ऐसी टिप्पणियों की निंदा की और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़