नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग।
उपायुक्त ने विधि शाखा से संबंधित मामलों की समीक्षा की
हजारीबाग: उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय सभागार में विधि शाखा से संबंधित मामलों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट की जानकारी प्राप्त की एवं वादों के त्वरित निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि न्यायालयों में लंबित वादों से संबंधित अद्यतन तथ्य विवरणी समयबद्ध रूप से उपायुक्त कार्यालय को प्रेषित करना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित वादों के त्वरित निष्पादन हेतु समुचित तथ्यों के साथ प्रभावी प्रतिवेदन न्यायालयों में यथासमय समर्पित किया जाना अनिवार्य है।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक वाद की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा आवश्यकतानुसार विधिक परामर्श प्राप्त कर तदनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि विधिक प्रक्रियाओं में शिथिलता न हो और सभी संबंधित अधिकारी अपने स्तर से उत्तरदायित्व का समुचित निर्वहन करते हुए न्यायालयीन वादों के निष्पादन हेतु गंभीरता से कार्य करें।
इस अवसर पर उपायुक्त के अतिरिक्त अपर समाहर्ता, डीआरडीए निदेशक, विधि शाखा के पदाधिकारीगण एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।