नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग
विभावि में विश्व जनजाति दिवस के आलोक में 8 अगस्त को आयोजित होंगे कई कार्यक्रम
मानवविज्ञान विभाग ने की है पहल
विश्व आदिवासी दिवस के आलोक में 8 अगस्त, 2025 को विश्वविद्यालय मानवविज्ञान विभाग के तत्वावधान में एक समारोह का आयोजन किया गया है। समारोह के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर चंद्र भूषण शर्मा होंगे। इसकी जानकारी देते हुए मानवविज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विनोद रंजन ने बताया कि उक्त दिवस को सर्वप्रथम पेंटिंग, भाषण तथा क्विज प्रतियोगिताओ का आयोजन किया जाएगा। सभी कार्यक्रम विज्ञान भवन में स्थित आर्यभट्ट सभागार में होंगे।
कार्यक्रम के आयोजन सचिव एवं पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ जॉनी रुफिना तिर्की ने बताया कि पेंटिंग के लिए विषय है ‘सोहराय पेंटिंग,’ तथा इसका समय है 11:00 बजे पूर्वाह्न से अपराह्न 1:30 तक। इसी के साथ 11:00 बजे से भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भाषण प्रतियोगिता का विषय है ‘जनजातीय सांस्कृतिक विरासत एवं संरक्षण’। इसके बाद अपराह्न 12:30 बजे से ‘झारखंड की जनजातियां’ विषय पर क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
डॉ विनोद रंजन ने बताया कि सभी विभाग के विद्यार्थी और शोधार्थी इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पूर्वाहन 10:30 को कार्यक्रम स्थल में रिपोर्ट करने को कहा गया है। इसी प्रकार क्विज में भाग लेने वाले विद्यार्थी 11:30 तक प्रवेश हेतु पंजीकरण करवा लेंगे।
पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ गंगानाथ झा ने बताया कि रोटरी क्लब की हजारीबाग इकाई के सहयोग से उक्त दिवस को 200 पौधारोपण का कार्य संपन्न करवाया जाएगा।
समापन सह पुरस्कार वितरण कार्यक्रम अपराह्न 2:30 से प्रारंभ होगी।