डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई जिला शान्ति समिति की बैठक
इंडियन टी वी न्यूज चैनल
रिपोर्ट अनिल सोनी
ब्यूरो चीफ बहराइच
बहराइच 11 अगस्त। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी, श्रीगणेश चतुर्थी पूजा, चेहल्लुम व अन्य त्यौहारों के अवसर पर कानून एवं शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय शान्ति समिति की बैठक के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कहा कि बुजुर्गों द्वारा कायम की गई साम्प्रदायिक सौहार्द की परम्परा को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी हम सभी लोगों की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अच्छे संस्कार, विचार एवं आचरण के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी समाज के बुजुर्गों एवं धर्म गुरूओं की है।
डीएम श्री त्रिपाठी ने जनपदवासियों से अपील की है कि आसन्न त्यौहारों को साम्प्रदायिक सौहार्द को कायम रखते हुए हंसी खुशी के साथ मनायें। जिला प्रशासन की ओर से बिजली, पानी एवं साफ-सफाई के साथ साथ सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत बेहतर से बेहतर प्रबन्ध किये जायेंगे। डीएम ने कहा कि बैठक के दौरान संभ्रान्तजनों एवं आयोजकों की ओर से जो भी सुझाव प्राप्त हुए उनका अनुपालन कराया जायेगा। उन्होंने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि आयोजकों के साथ भ्रमण कर त्यौहार से जुड़े धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों इत्यादि का भ्रमण कर आवश्यकतानुसार सभी व्यवस्थाएं दुरूस्त करा दें।
डीएम ने कहा कि जिले के अम्नों अमान व कानून व्यवस्था को बनाये रखना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। डीएम ने कहा कि त्यौहार के दौरान कानून एवं शान्ति व्यवस्था से जुड़े अधिकारी पूरी तरह से मुस्तैद रहेंगे। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने के लिए यदि किसी व्यक्ति द्वारा प्रयास किया जाता है तो जिला प्रशासन सख्त कार्यवाही करने से भी नहीं हिचकेगा।
पुलिस अधीक्षक रामनयन सिंह ने कहा कि त्यौहार के दौरान गुड पुलिसिंग की व्यवस्था रहेगी। संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जायेगी और कानून व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसा कार्य न करें कि जिससे एक दूसरे समुदाय की भावनाएं आहत हों। पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने त्यौहारों के दौरान शान्ति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सभी से सहयोग प्रदान करने तथा पारम्परिक मार्गाे पर ही जुलूस का संचालन किये जाने की अपील की है।
इससे पूर्व बैठक के दौरान राजेन्द्र गुप्ता, निशंक त्रिपाठी, तेजे खॉ, राकेश श्रीवास्तव, कल्बे अब्बास, ज़फर उल्लाह खॉ बन्दी, श्रीमती निशा शर्मा, हरिश्चन्द्र गुप्ता, सुधाकर मिश्रा, कुलभूषण अरोड़ा, परशुराम कुशवाहा, सरदार परमिन्दर सिंह पम्मी सहित अन्य सभ्रान्तजनों द्वारा साफ-सफाई, बिजली पानी, सड़कों एवं मार्गों की मरम्मत इत्यादि के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये। बैठक का संचालन अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद सहित उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य सम्बन्धित विभागीय अधिकारी व पीस कमेटी के सदस्यगण मौजूद रहे।