उपायुक्त के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की समस्याएं, दिए गए त्वरित समाधान के निर्देश
हजारीबाग : उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के साथ उपस्थित हुए। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु तत्काल निर्देश दिए।
जनता दरबार में मुख्य रूप से पेंशन स्वीकृति, राशन कार्ड त्रुटि सुधार, आवास, पंजी–2 में हेरफेर, आपूर्ति, भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, रोजगार सहित कई अन्य मामले सामने आए। उपायुक्त ने अधिकारियों को आवेदन अग्रसारित करते हुए निर्देशित किया कि सभी मामलों का समाधान संवेदनशीलता के साथ निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।
आज आए प्रमुख मामले एवं दिए गए निर्देश :
इचाक के अभिषेक कुमार द्वारा पंजी–2 में हेरफेर कर एलपीसी निर्गत करने की शिकायत पर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को जांच कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया।
इचाक के झनवा तुरी द्वारा भूमिदान जमीन पर अवैध विद्यालय निर्माण की शिकायत पर उपायुक्त ने डीएससी एवं संबंधित सीओ को संयुक्त जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया।
दारू प्रखंड के ग्राम लरतांगों के ग्रामीणों द्वारा गैरमजरूआ जमीन हड़पने की शिकायत पर उपायुक्त ने सीओ को जांच करने तथा अनुमंडल पदाधिकारी को जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
विष्णुगढ़ निवासी रामबिलास साव के भूमि नापी एवं दखल कराने संबंधी आवेदन पर उपायुक्त ने विष्णुगढ़ सीओ से दूरभाष पर वार्ता कर त्वरित संज्ञान लेने का निर्देश दिया।
दारू की रूबी कुमारी ने मईया सम्मान योजना का लाभ दिलाने हेतु निवेदन की, जिस पर उपायुक्त ने एडीएसएस को लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
अनिल कुमार खंडेलवाल की खाशमहल भूमि के लीज नवीकरण नही करने संबंधी शिकायत पर उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को विधि सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने कहा कि “प्रशासन का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना है। सभी अधिकारी जनता की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करें।”
नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज ब्यूरो चीफ हजारीबाग संपर्क 8850529025