कनहर सिंचाई परियोजना के नहर निर्माण के लिए शासन ने जारी किए 50 करोड़
दुद्धी सोनभद्र।लंबे इंतजार के बाद बहुप्रतीक्षित कनहर सिंचाई परियोजना को शासन से धनराशि मिला है। नहर निर्माण कार्य के लिए शासन ने 50 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है। इस निर्णय से स्थानीय किसानों और क्षेत्रवासियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है।
परियोजना से जुड़े अवर अभियंता डी.के. कौशिक ने जानकारी दी कि फिलहाल नहर निर्माण का कार्य छोटे स्तर पर चल रहा है, लेकिन अब जारी हुई धनराशि से कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि बरसात का मौसम खत्म होते ही निर्माण कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा और इसे लगातार रफ्तार दी जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि धनराशि समाप्त होने पर शासन द्वारा आगे और बजट उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके।
स्थानीय लोगों की उम्मीद है कि नहर निर्माण तेजी से पूरा होने पर क्षेत्र में सिंचाई की समस्या काफी हद तक खत्म होगी और खेती-किसानी को नई गति मिलेगी।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह