ग्रामीणों की सतर्कता से खाद की तस्करी विफल, समिति सचिव निलंबित
ठूठीबारी (महराजगंज)। 28 अगस्त 2025
ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र की गड़ौरा साधन सहकारी समिति में खाद की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। ग्रामीणों की सजगता से इस तस्करी का भंडाफोड़ हुआ, जिसके बाद समिति के सचिव विक्की यादव को निलंबित कर दिया गया है।
घटना तब सामने आई जब ग्रामीणों ने देखा कि समिति में आई खाद को गोदाम में रखे बिना सीधे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में लादा जा रहा है। संदेह होने पर बजरंगी जायसवाल, जगदीश, धीरेंद्र, स्वामीनाथ और नीतीश सहित अन्य ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोका और पूछताछ की। जब कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी महेंद्र मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जांच के बाद सचिव निलंबित
एआर कोऑपरेटिव सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि जांच के लिए एडीओ कोऑपरेटिव साकेत पटेल को भेजा गया था। जांच में पुष्टि हुई कि सचिव विक्की यादव ने बिना अनुमति चाबी अपने सहयोगी को दी थी। इस लापरवाही को गंभीर मानते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की जाएगी।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)