दुद्धी (सोनभद्र)। नगर पंचायत दुद्धी के वार्ड संख्या 5 स्थित डीसीएफ कॉलोनी, जो यहां का प्रबुद्ध और वीआईपी क्षेत्र माना जाता है, देर रात संदिग्ध हलचल से दहला रहा। गुरुवार 28 अगस्त की रात लगभग 3 बजे 4से 5 नकाबपोश युवकों का वीडियो तेजी से वायरल हुआ है। इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में भय और बेचैनी का माहौल है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो निवासी भुल्लन यादव के घर के सामने का है, जहां सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध युवकों की हरकत कैद हो गई। कैमरे की जद में आते ही अचानक सायरन बजने पर कच्छा-बनियान में नंगे पांव घूम रहे ये युवक तुरंत दूसरी दिशा में भाग खड़े हुए। इस घटना को देखकर लोग इसे कुख्यात कच्छा-बनियान गिरोह जैसी गतिविधि से जोड़कर देख रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में कई बार युवकों के हाथों में किसी प्रकार के लोहे की छड़ या अन्य संदिग्ध हथियारनुमा वस्तु देखी गई है। इससे उनकी नीयत को लेकर लोगों में गहरी आशंका व्याप्त हो गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वार्ड संख्या 9 में कुछ माह पहले रात के समय संदिग्ध युवकों की चहल-कदमी का वीडियो वायरल हुआ था। लोगों का मानना है कि किसी बड़ी वारदात की साजिश के तहत आए लोग, मौके पर अनुकूल परिस्थिति न मिलने के कारण वहां से लौट गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच-पड़ताल करते हुए कॉलोनीवासियों से पूछताछ शुरू की है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि डीसीएफ कॉलोनी ऐसा इलाका है जहां सपा विधायक विजय सिंह गौंड, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन सहित कई जनप्रतिनिधि और संघ कार्यालय स्थित हैं। ऐसे संवेदनशील और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इलाके में इस तरह की गतिविधि होना गंभीर चिंता का विषय है।
कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रात्रि गश्त को और सख्त किया जाए, साथ ही संदिग्ध तत्वों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए ताकि संभावित अप्रिय घटना को टाला जा सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह