नरेश सोनी
इंडियन टीवी न्यूज
ब्यूरो चीफ हजारीबाग
दारू में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट का 12वां संस्करण शुरू, 50 टीमें ले रहीं भाग
हजारीबाग: हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने आज दारू प्रखंड के रामदेव खरिका मैदान में नमो फुटबॉल टूर्नामेंट के 12वें संस्करण का भव्य उद्घाटन किया। इस संयुक्त टूर्नामेंट में दारू और टाटीझरिया प्रखंड की कुल 50 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों ने आकर्षक ‘नमो’ जर्सी पहनकर तिरंगा और मशाल के साथ शानदार मार्च पास्ट किया। गाजे-बाजे के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान और नशामुक्ति के लिए संकल्प लिया गया, जिसने पूरे माहौल को उत्साह और राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
सांसद मनीष जायसवाल ने मशाल प्रज्वलित कर, खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल में किक मारकर टूर्नामेंट की शुरुआत की।
इस अवसर पर, सांसद ने बताया कि साल 2016 में कुछ टीमों के साथ शुरू हुआ यह टूर्नामेंट आज 1,500 टीमों और लगभग 22,500 खिलाड़ियों की भागीदारी के साथ संभवतः राज्य का सबसे बड़ा फुटबॉल टूर्नामेंट बन चुका है।
उन्होंने इस आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसका लक्ष्य ग्रामीण प्रतिभाओं को एक बेहतर मंच देना, युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें नशामुक्त समाज की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नमो फुटबॉल टूर्नामेंट सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का एक सशक्त अभियान है।