बीसोखोर में युवक का शव फंदे से लटका मिला, पत्नी से विवाद के बाद हुई घटना
कोठीभार (महराजगंज), सोमवार।
जनपद के कोठीभार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा बीसोखोर के मदरहा टोले में सोमवार सुबह एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के भीतर फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान महेश भारती के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार को महेश का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान पत्नी ने अपने मायके फोन कर भाइयों को बुला लिया। आरोप है कि भाइयों के आने पर महेश के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद पत्नी मायके चली गई।
सोमवार सुबह जब परिजनों ने महेश को फंदे से लटका देखा तो परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई।
कोठीभार के प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी तक किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस जांच में जुटी है।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)