दुद्धी सोनभद्र।दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के बहिरंग रोगी विभाग (ओपीडी) में गंदगी और दुर्गंध ने मरीजों व अस्पताल कर्मियों को परेशानी में डाल दिया है। अस्पताल के कक्ष संख्या 10 (पुरुष शौचालय) से उठ रही बदबू और अस्पताल भवन के पीछे पड़े कचरे के ढेर से आती दुर्गंध के कारण मरीजों को ओपीडी में लंबे समय तक खड़ा रहना मुश्किल हो रहा है।
कक्ष संख्या 11 (गैर-संचारी रोग लैब) और कक्ष संख्या 12 (दंत शल्य क्रिया कक्ष) के पास बने शौचालय से लगातार तेज दुर्गंध आ रही है। वहीं, भवन के पीछे दवा के पैकेट, प्लास्टिक व अन्य कचरे के ढेर पर छोटे-छोटे जानवर मरने लगे हैं, जिससे उठ रही बदबू खिड़कियों के माध्यम से वॉर्ड और ओपीडी तक पहुंच रही है।
इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को लाइन में खड़े रहते हुए इस दुर्गंध की मार झेलनी पड़ रही है। कुछ मरीजों का कहना है कि बदबू इतनी असहनीय है कि वहां ज्यादा देर तक खड़े रहना मुश्किल हो जाता है और लोग चक्कर भी खा सकते हैं।
अस्पताल कर्मियों का आरोप है कि भवन के पीछे की सफाई शायद ही कभी कराई जाती हो। यही कारण है कि गंदगी और कचरे का ढेर लगातार बढ़ता जा रहा है।
मरीजों एवं स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन से अनुरोध किया है कि शौचालय और भवन के पीछे जमा गंदगी को तुरंत साफ कराया जाए ताकि इलाज कराने आने वाले लोगों को बदबू की परेशानी से राहत मिल सके।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह