दुद्धी (सोनभद्र)।कोतवाली क्षेत्र के कटौली गांव में बुधवार दोपहर करीब तीन बजे कटौली चौराहे पर हुए सड़क हादसे में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार कटौली निवासी रामपति (58) पुत्र हिरन सिंह अपने साथियों का इंतज़ार कर रहे थे। तभी दुद्धी से रेणुकूट की ओर जा रही एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने घायल को तत्काल टेम्पो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, दुद्धी पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
घायल के पुत्र राजकुमार ने बताया कि हादसे के फौरन बाद ग्रामीणों ने ट्रक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह