खबर सहारनपुर के सरसावा से
यमुना का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ के हालात.
पहाड़ से बहकर आई लकड़ी के लालच में जान से खेल रहे युवक
वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने दो को दबोचा
सरसावा।। पहाड़ों पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब मैदानी इलाकों तक पहुँच गया है। यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान तक बढ़ गया है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। तेज बहाव का अंदाज़ा इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिन पहले एक युवक नदी में बह गया था। इसके बावजूद कुछ लोग नदी में उतरकर बहकर आई लकड़ी निकालने से बाज नहीं आ रहे हैं।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुई, जिसमें कुछ युवक यमुना नदी के उफान में लकड़ी निकालते नज़र आए। जैसे ही पुलिस टीम यमुना नदी किनारे मौके पर पहुँची तो चार युवक नदी से लकड़ी खींचते मिले। पूछताछ में उन्होंने बताया कि दो व्यक्ति उन्हें पैसे देकर यह काम कराते हैं और बाद में लकड़ी बेचकर मुनाफा कमाते हैं। जिसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर मौजूद दोनों आरोपियों को दबोच लिया। उनकी पहचान दिनेश पुत्र कश्मीरा और कश्मीरा पुत्र रामसुख, दोनों निवासी ग्राम बहलोलपुर थाना सरसावा, जिला सहारनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने लकड़ी से भरी ट्रॉली भी कब्जे में ली और दोनों को संबंधित धाराओं में जेल भेज दिया गया। वहीं नदी से लकड़ी निकाल रहे अन्य चार व्यक्तियों किरतपाल, इरफान अली, सदीक और शमशाद अहमद का भी चालान किया गया है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने आगे बताया कि पुलिस दिन-रात यमुना नदी किनारे गश्त और अनाउंसमेंट कर लोगों को जागरूक कर रही है। क्योंकि बढ़ते जलस्तर के कारण नदी किनारे की जमीनों में लगातार कटान भी हो रहा है, इसलिए किसी को भी किनारे जाने की अनुमति नहीं है। उन्होंने अपील की है कि – “लकड़ी या पैसों के लालच में लोग अपनी जान जोखिम में न डालें। हालात बेहद खतरनाक हैं, इसलिए सभी लोग नदी से दूर रहें।” वही अगर कोई दोबारा लकड़ी निकलता पाया गया तो उसके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़