हाईटेशन तार के करंट से बच्चे की मौत, ग्रामीणों ने जाम किया हाईवे
सिलहरी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पड़ौआ गांव में खेत पर जाते समय बच्चे की हाईटेंशन (एचटी) तार के कंरट लगने से मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क जाम लगाकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने समझाकर शांत कराया व आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
बृहस्पतिवार की सुबह पड़ौआ गांव का शिवम (12) पुत्र सत्यम अपने खेत की तरफ गया था। रास्ते में गिरे एचटी लाइन के करंट से वह झुलस गया। थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। बालक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सिविल लाइंस थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के जंगल में एचटी सप्लाई का तार तीन दिन से पहले टूट गया था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार की, लेकिन उसे ठीक नहीं कराया गया। समय रहते अगर तार को ठीक कर दिया जाता तो मासूम की जान बच सकती थी। अब गांव के लोग विभागीय जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पड़ौआ गांव में एचटी लाइन के करंट से एक बालक की मौत हो गई है। उस मामले में कोई तहरीर मिलेगी तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
———
– मामले की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी। – संदीप कुमार, अधिशासी अभियंता, बिजली निगम
—–
एक घंटे जाम रहा फर्रुखाबाद-बदायूं हाईवे
बदायूं। करंट से बालक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने फर्रुखाबाद-बदायूं हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक जाम रहने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी और एसडीएम ने परिजनों को समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Indian TV news
ITN NATIONAL
BADAUN REPORTER
DEEPENDRA RAJPUT