सनशाइन गणेश उत्सव समिति द्वारा किया गया कैमोर की सबसे मनमोहक गणेश प्रतिमा का विसर्जन
हज़ारों की संख्या में शामिल हुए विभिन्न समुदायों के युवक एवं युवतियां कौमी एकता की दिखी झलक
कटनी जिला।।कैमोर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सनसाइन गणेश उत्सव समिति ने धूमधाम से विघ्न विनाशक भगवान श्री गणेश का उत्सव मनाया। समिति द्वारा वार्ड क्रमांक 04 में आकर्षक एवं भव्य प्रतिमा की स्थापना की गई थी, जो पूरे नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रही। स्थापना के दिन से लेकर विसर्जन तक प्रतिदिन पूजन-अर्चन, भजन-कीर्तन और संध्या आरती का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल होकर धार्मिक वातावरण का अनुभव करते रहे। प्रतिदिन श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के पश्चात विविध व्यंजनों का प्रसाद ग्रहण किया।
विगत 5 सितंबर को गणेश प्रतिमा का विसर्जन जुलूस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ निकाला गया। इस दौरान नगर के मुख्य मार्गों पर भक्तिमय माहौल देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप, झांकियों की शोभा और भक्ति गीतों की गूंज से पूरा नगर गणेशमय हो उठा। जुलूस में शामिल श्रद्धालु नाचते-गाते हुए विघ्न विनाशक के जयकारे लगाते नजर आए।
हजारों की संख्या में भक्तजन इस शोभायात्रा में शामिल हुए और नगर भ्रमण के उपरांत जुलूस विसर्जन घाट पहुंचा। यहां विधिविधान के साथ गणपति बप्पा की प्रतिमा का जल में विसर्जन किया गया।
समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में नगर के विभिन्न समाजसेवी, गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे एवं युवा वर्ग सम्मिलित रहे। विसर्जन के अवसर पर पूरा नगर भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर दिखाई दिया।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट ।