तेज रफ्तार वाहनों व अतिक्रमण पर नियंत्रण की उठी मांग
दुद्धी सोनभद्र। विगत दो दिनों से दुद्धी व आसपास के क्षेत्रों में लगातार सड़क हादसों ने लोगों को दहला दिया है। रविवार को जहां कस्बे में पिपराडीह गांव निवासी आयान चार वर्षीय मासूम टीपर की चपेट में आकर मौके पर ही मौत का शिकार हो गया था, वहीं सोमवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय नागरिक लगातार सड़क सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।
रविवार की घटना दुद्धी कस्बे में श्रीसंकटमोचन मंदिर के पास में हुई थी, जहां टीपर की चपेट में आने से मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे से क्षेत्र में गहरा आक्रोश फैल गया था और लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण व भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन पर रोक लगाने की मांग की।
सोमवार को पहली घटना विंढमगंज थाना क्षेत्र के गोईठा गांव में घटी। बैरखड़ से विंढमगंज जा रही सवारी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के पोल से जा भिड़ी। हादसे में हरपुरा निवासी 30 वर्षीय रमेश गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य सवार लोग बाल-बाल बच गए। टक्कर से बिजली का पोल टूट गया जिससे क्षेत्र की सप्लाई कुछ समय के लिए बाधित रही। घायल को एंबुलेंस से सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरी घटना कस्बे के अमवार मोड़ के पास प्रमोद होटल के सामने घटी। इस दौरान खेराही आश्रम मोड़ थाना म्योरपुर निवासी 55 वर्षीय रेशमी देवी सड़क पार करते हुए ट्रक की चपेट में आ गईं और बुरी तरह घायल हो गईं। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें सीएचसी दुद्धी भेजा, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखकर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
नाती महेश ने बताया कि वह दादी को बाइक से महुली ले जा रहा था और रास्ते में दुद्धी बाजार में सामान लेने के लिए रुका था। दादी सड़क पार कर रही थीं, तभी गुजरते ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
पिछले दो दिनों में लगातार सड़क हादसों से क्षेत्र में रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि दुद्धी कस्बे में तेज रफ्तार वाहनों और भारी ट्रकों पर नियंत्रण न होने से आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं। साथ ही सड़क किनारे हो रहे अतिक्रमण से भी यातायात अव्यवस्थित बना हुआ है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे में कड़ी ट्रैफिक व्यवस्था लागू की जाए, अतिक्रमण हटाया जाए और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त रोक लगाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह