थाना माधौगंज पुलिस की अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही
पुलिस ने देशी शराब के कुल 191 क्वार्टर कीमती लगभग 15000/- हजार रूपये तथा परिवहन में उपयोग की गई ओला इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन किया जप्त।
ग्वालियर। दिनांक 08.09.2025 – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह(भापुसे ) के निर्देश पर ग्वालियर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थो, अवैध शराब की खरीद-फरोख्त करने वालों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी तारतम्य में अति0 पुलिस अधीक्षक ग्वालियर श्रीमती सुमन गुर्जर द्वारा अपने अधीनस्थ समस्त थाना प्रभारियों को अवैध शराब तस्करों के विरूद्ध कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के परिपालन में सीएसपी लश्कर श्रीमती किरण अहिरवार के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी माधौगंज उनि0 दिव्या तिवारी के द्वारा थाना बल की टीम को अवैध शराब का व्यापार करने वालों खिलाफ कार्यवाही करने हेतु लगाया गया। दिनांक 07.09.2025 को थाना क्षेत्र भ्रमण के दौरान पुलिस टीम को जरिये मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति आपागंज कब्रिस्तान के पीछे नाले के किनारे वाली रोड से ओला दुपहिया वाहन से अवैध शराब लेकर जा रहा है।
मुखबिर की उक्त सूचना पर पुलिस टीम आपागंज कब्रिस्तान के पीछे नाले के किनारे पहुंचे तो एक व्यक्ति बिना नम्बर की ओला इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन से आता हुआ दिखा, जिसे पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर रोका गया। वाहन चालक से नाम पता पूछने पर उसने अपना नाम अंकुर जैन पुत्र अशोक जैन उम्र 36 साल निवासी काली माता के पास खटीक पुलिया सिकंदर कम्पू ग्वालियर का होना बताया। पुलिस टीम द्वारा ओला इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन पर रखे प्लास्टिक के कट्टे को खोलकर चेक किया तो उसमें देशी प्लेन मदिरा के 141 क्वार्टर रखे मिले तथा दुपहिया वाहन की डिग्गी खुलवाकर देखी तो उसमें एक प्लास्टिक कट्टे में मसाला शराब के 50 क्वार्टर रखे मिले। उक्त व्यक्ति से शराब रखने व बैंचने का वैध लायसेंस मांगा तो उसने अपने पास लायसेंस नहीं होना बताया।
उक्त आरोपी का कृत्य धारा 34(1) आबकारी एक्ट के तहत दण्डनीय पाया जाने से आरोपी के कब्जे से देशी प्लेन मदिरा के 141 क्वार्टर व लाल मसाला शराब के 50 क्वार्टर कुल 191 क्वार्टर कुल कीमती लगभग 15 हजार रूपये तथा अवैध मदिरा का परिवहन में प्रयोग की गई बिना नम्बर की ओला इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन को विधिवत जप्त किया गया। पकड़े गये आरोपी के खिलाफ थाना माधौगंज में अप0क्र0-261/25 धारा 34(1) आबकारी एक्ट का पंजीबद्ध किया जाकर अवैध शराब के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।
जप्त शराबः- देशी प्लेन मदिरा के 141 क्वार्टर व लाल मसाला शराब के 50 क्वार्टर कुल 191 क्वार्टर कुल कीमती लगभग 15 हजार रूपये तथा अवैध मदिरा का परिवहन में प्रयोग की गई बिना नम्बर की ओला इलेक्ट्रिक दुपहिया वाहन किया जप्त।
सराहनीय भूमिका :-उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी माधौगंज उनि0 दिव्या तिवारी, प्र.आर0 राजेश सिकरवार, आर0 देवेश कुमार, आर0 जितेन्द्र तुरेले, आर0 संतोष कुशवाह, आर0 मुकेश दंडौतिया, आर0 जयसिंह की सराहनीय भूमिका रही।
रिपोर्ट गजेन्द्र सिंह यादव