नगर पंचायत अध्यक्ष पर सफाई कर्मचारियों ने लगाए जातिगत भेदभाव व शोषण के गंभीर आरोप
घुघली (महराजगंज), सितम्बर 2025
नगर पंचायत घुघली के अध्यक्ष संतोष जायसवाल पर स्थानीय सफाई कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों का आरोप है कि अध्यक्ष द्वारा उनके साथ लगातार जातिगत भेदभाव, अपमानजनक व्यवहार एवं मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस संबंध में सफाईकर्मियों ने घुघली थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत में कार्यरत सफाई कर्मचारी एवं सफाई नायक उमेश कनौजिया सहित अन्य कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि अध्यक्ष संतोष जायसवाल उन्हें “नीच” व “दलित” कहकर संबोधित करते हैं और जानबूझकर उन्हें कार्यालय से दूर रखा जाता है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें न तो कार्यालय में प्रवेश करने दिया जाता है, न ही हाजिरी लगाने की अनुमति दी जाती है। यहां तक कि कार्यालय के भीतर मौजूद पानी छूने या पीने तक से रोका जाता है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब कर्मचारियों ने इस अमानवीय व्यवहार का विरोध किया तो उन्हें नौकरी से निकालने और जान से मरवा देने की धमकी दी गई। कर्मचारियों के अनुसार, इस भेदभावपूर्ण रवैये का वीडियो साक्ष्य भी मौजूद है, जिसे उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सौंपा है।
सफाई कर्मचारियों ने थानाध्यक्ष से मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह का व्यवहार न केवल असंवैधानिक है, बल्कि मानवीय गरिमा के खिलाफ भी है।
सभी की निगाहें अब पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।
रवि प्रताप सिंह (ब्यूरो चीफ महराजगंज)