जमीन को लेकर चल रहे झगड़े के बीच बड़े भाई ने छोटे भाई पर तमंचे से गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार में पहले से ही आपसी तनाव चल रहा था, जिसमें अविवाहित छोटे भाई के ऊपर भाभी पर गलत नजर रखने का आरोप भी लगाया गया था। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज किया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
थाना नोहझील क्षेत्र के गांव शल्ल में मंगलवार देररात लगभग 12 बजे दो भाइयों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि बड़ा भाई संजीव गुस्से में आकर छोटे भाई अजीत पर तमंचे से गोली चला बैठा। गोली लगते ही अजीत की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव निवासी चंद्रपाल के पास करीब 12 बीघा जमीन है, जिसका बंटवारा लंबे समय से विवाद का कारण बना हुआ था। मृतक अविवाहित था और उसके ऊपर अपनी भाभी पर गलत नजर रखने के आरोप भी परिवार द्वारा लगाए जाते रहे थे।
घटना की जानकारी सबसे पहले ग्राम चौकीदार डंबर सिंह को मिली, जिन्होंने शव को गांव के रास्ते में पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सोनू कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
एसपी ग्रामीण सुरेश सिंह रावत ने बताया कि मृतक के परिजनों की तहरीर पर आरोपी संजीव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
घटना के बाद से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किए हुए है।
✍️ जिला: मथुरा
✍️ नाम: अजय सोलंकी
✍️ पोस्ट: रिपोर्टर, मथुरा (UP)