दुद्धी (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पतरिहा में बुधवार की रात करैत सर्प के डंसने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पतरिहा निवासी स्व. काशीराम की पुत्री किरण कुमारी (16 )बुधवार रात करीब 1 बजे जमीन पर चटाई पर सो रही थी। इसी दौरान करैत सांप ने उसे डंस लिया। नींद खुलने पर जब किरण ने सांप को देखा तो साहस दिखाते हुए उसने लाठी-डंडे से उसे मारकर ढक भी दिया। हालांकि, मौके पर यह स्पष्ट नहीं हो सका कि सर्प ने शरीर के किस हिस्से में और कब काटा था।
थोड़ी ही देर बाद किरण को पेट में तेज दर्द और शरीर में ऐंठन होने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में 108 एंबुलेंस बुलाने का प्रयास किया, लेकिन गाड़ी देर से पहुंचने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से किरण को रात्रि लगभग तीन बजे सीएचसी दुद्धी पहुंचाया गया।
सीएचसी दुद्धी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि सुबह करीब 8 बजे किरण ने दम तोड़ दिया।
अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना मेमो के जरिये कोतवाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका के बड़े भाई गौतम ने बताया कि किरण चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी और घर की सबसे छोटी बहन थी। बड़ी बहन का विवाह हो चुका है, जबकि उनके पिता का निधन चार वर्ष पूर्व ही हो गया था। किरण की असमय मृत्यु से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह