दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार की शाम अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मासूम समेत चार लोग घायल हो गए। दो घटनाएं डुमरडीहा क्षेत्र में हुईं तो वहीं एक मामला बघाडू बोलताकरम का रहा।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना शाम लगभग 7 बजे बघाडू बोलताकरम के पास हुई, जहां कनहर सिंचाई परियोजना में कार्यरत ड्राईवर राजेश (40 वर्ष), पुत्र केवल साव, निवासी नौडीहा, अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए परियोजना जा रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और अचेत हो पड़े। घटना की सूचना मार्ग से गुजर रहे ग्राम प्रधान मधुबन बर्फीलाल ने परिजनों को दी। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी लाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. सुनील ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं दूसरी ओर डुमरडीहा छठ घाट के पास हुई पहली टक्कर में बाइक सवार रमेश (25 वर्ष), पुत्र विगन निवासी झारो ने मासूम महेश (3 वर्ष), पुत्र नीरज निवासी डुमरडीहा, को टक्कर मार दी। हादसे में मासूम को हल्की चोटे आईं। इसके बाद रमेश भट्टी मोड़ होते हुए विकलांग मोड़ के पास पहुंचा, जहां उसकी बाइक की जोरदार भिड़ंत सामने से आ रहे अमरजीत (27) पुत्र विजय कुमार निवासी गुलालझरिया, से हो गई। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल भेजवाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह