नकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन-2 अभियान के अंतर्गत थाना नकुड़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुकदमाती वाहनों की नीलामी कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित नीलामी प्रक्रिया के तहत, चार पहिया वाहन–8, तीन पहिया वाहन–1, दो पहिया वाहन–83 कुल 92 वाहनों की नीलामी कराई गई । जिससे सरकार को 11,20,000 रुपये (जीएसटी सहित 13,21,600 रुपये) का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस नीलामी की निगरानी उच्चाधिकारियों की देखरेख में की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में जिलाधिकारी सहारनपुर द्वारा गठित कमेटी की मौजूदगी में नीलामी की प्रक्रिया पूरी की गई। समिति में उपजिलाधिकारी नकुड़ द्वारा नामित नायब तहसीलदार विजय कुमार, क्षेत्राधिकारी नकुड़ अशोक कुमार सिसौदिया, परिवहन विभाग से आर.आई. रोहित सिंह, थाना नकुड़ प्रभारी निरीक्षक सन्तोष कुमार त्यागी, व.उ.नि. प्रदीप कुमार चीमा एवं हैड मोहर्रिर मनोज कुमार शामिल रहे।
नीलामी प्रक्रिया में कुल 57 बोलीदाताओं ने भाग लिया। वाहनों की न्यूनतम कीमत परिवहन विभाग द्वारा 4,05,800 रुपये तय की गई थी, जबकि नीलामी में सबसे अधिक बोली 11,20,000 रुपये लगी, जो मय जीएसटी 13,21,600 रुपये तक पहुँची। यह बोली कस्बा ननौता निवासी नौशाद पुत्र कालू के पक्ष में छोड़ी गई।
रमेश सैनी की रिपोर्ट