कौशिक नाग
कोलकाता दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर में सहपाठियों के साथ विवाद में 17 साल के एक छात्र की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी. घटना स्टेशन के टिकट काउंटर के पास की है. मृतक की पहचान मनोजीत यादव के तौर पर हुई है. वह बरानगर का निवासी था और बागबाजार हाइस्कूल में पढ़ता था.
घटना के वक्त यात्री टिकट के लिए लाइन में लगे थे, तभी चीख-पुकार मच गयी. यात्रियों में भगदड़ मच गयी. स्टेशन परिसर में फर्श पर खून फैल गया. वारदात को अंजाम देने का आरोप मृत नाबालिग छात्र के सहपाठियों पर लगा है. इस घटना से मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा हो गया है. खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने वारदात स्थल को घेर कर जांच शुरू कर दी. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि अपराध किसने किया. सूत्रों के अनुसार, पुलिस मेट्रो स्टेशन और डनलप चौराहे पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. पुलिस ने मामले में अबतक चार सहपाठियों को हिरासत में लिया है. बताया जा रहा है कि एक सहपाठी को पुलिस ने देर शाम हावड़ा स्टेशन से हिरासत में लिया.
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार अपराह्न 2.30 बजे के करीब दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन परिसर में कई छात्र आपस में भिड़ गये. स्टेशन से बाहर निकलने से पहले ही किसी बात पर उनके बीच झगड़ा हो गया था. देखते ही देखते हाथापाई अचानक खूनी संघर्ष में बदल गयी. इसी बीच, एक छात्र ने अचानक दूसरे छात्र पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से छात्र फर्श पर गिर पड़ा. स्टेशन के फर्श पर खून बहने लगा. वहां तैनात सुरक्षा गार्ड तुरंत मौके पर पहुंच गये. घायल छात्र को सागर दत्त मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी.