नन्दगोपाल पाण्डेय ब्यूरोचीफ सोनभद्र
सोनभद्र। नगवां विकास खंड में जिला पंचायत निधि से बनाए जा रहे यात्री भवन के निर्माण में मानकों की अनदेखी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि संबंधित जेई के इशारे पर ठेकेदार द्वारा घटिया किस्म के सामग्रियों से यात्री भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
भरोसेमंद सूत्रों ने बताया कि नगवां विकास खंड क्षेत्र में जिला पंचायत निधि से आधा दर्जन यात्री भवन का निर्माण कराया जाना प्रस्तावित है। विभाग के संबंधित जेई के संरक्षण में बाराडांड स्थित वन देवी मंदिर के पास एक यात्री भवन का वर्तमान समय में निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया किस्म के सामग्रियों का प्रयोग हो रहा है। मानक के अनुरूप बगैर गड्ढ़ा की खोदाई कराए ही पिलर खड़ा कराकर छत की ढ़लाई करायी जा रही है। मानक विहीन कराए जा रहे कार्य को लेकर ग्रामीणों ने इसका विरोध भी किया है, बावजूद इसके कोई फर्क नहीं पड़ा। विरोध को दरकिनार कर संबंधित जेई के संरक्षण में ठेकेदार द्वारा मानकों को ताक पर रखकर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। उधर यात्री भवन के निर्माण कार्य में घटिया किस्म के सामग्रियों का प्रयोग किए जाने का मामला प्रकाश में आते हुए वरिष्ठ समाजसेवी/आईटीआई कार्यकर्ता कमलेश पांडेय ने जिला प्रशासन का इस ओर ध्यान आकृष्ट कराते हुए जांच की मांग किया है। वहीं, ग्रामीण राम ईश्वर, पारसनाथ, रामसजीवन, राजेन्द्र सिंह, बनारसी, अर्जुन, धीरेन्द्र, राजकुमार, कल्लू, बिमलेश, वकिल आदि ने भी मामले की जांच कराकर इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग किया है।