74 यूनिट रक्त एकत्रित, बच्चों ने सीखी समाजसेवा की प्रेरणा
जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट (मुंडावर)
मुंडावर। सेवा एवं स्वच्छता पखवाड़े के तहत मुंडावर ब्लॉक के शहीद श्याम सिंह राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कादर नंगला में बुधवार को विशाल रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। मुंडावर पत्रकार संघ के सौजन्य से हुए इस शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा 74 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया।
शिविर का शुभारंभ विद्यालय स्टाफ ने फीता काटकर किया। इस मौके पर अध्यापिकाएँ आशा रानी व मनीषा और अध्यापक आदित्य शर्मा ने पहली बार रक्तदान किया, जबकि प्रधानाध्यापक सुमित यादव ने 23वीं बार रक्तदान कर प्रेरणा दी। मुख्य अतिथि पीईईओ मनोज कुमार बेनीवाल ने इसे समाजहित में सराहनीय पहल बताया।
विशेष रूप से विद्यालय के विद्यार्थियों को रक्तदान की प्रक्रिया प्रत्यक्ष रूप से दिखाई गई। अध्यापक सुदेश कुमार व ब्लड बैंक की सदस्य गिरीजा सैनी ने बच्चों को रक्तदान का महत्व समझाया। इससे बच्चों ने समाज सेवा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।
शिविर में भगवान सिंह, सोना सिंह, महेंद्र सिंह, सोनू सिंह, ललिता मेहरा, अंजु बाई, पुनम यादव, सोनू मिश्रा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने विद्यालय परिवार और पत्रकार संघ के प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।
जयबीर सिंह ब्यूरो रिपोर्ट मुंडावर इंडियन टीवी न्यूज़ 👍