दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम दिघुल में शनिवार की सुबह लगभग 11 बजे तेज बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में गृहस्थी का लाखों रुपए का सामान मलबे में दबकर पूरी तरह नष्ट हो गया।
मकान मालिक मजदूर कृपाशंकर पुत्र जयश्री निवासी दिघुल ने बताया कि अचानक गिरते मकान की आवाज सुनकर उसने अपनी पत्नी व बच्चों के साथ घर से बाहर दौड़ लगाई। समय रहते निकल जाने से सभी की जान बच गई। पीड़ित परिवार के पास मात्र दो कमरे का यही कच्चा मकान था, जो अब पूरी तरह जमींदोज हो गया है। मकान ढहने के बाद परिजन खुले आसमान तले आ गए हैं और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से तुरंत राहत व मुआवजा दिलाए जाने की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि अब वे पूरी तरह बेघर हो गए हैं और बिना सहायता के गुजारा करना बेहद मुश्किल है।
ग्राम प्रधान जगत नारायण ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्हें भी राहत महसूस हुई कि परिवार सुरक्षित निकल गया। उन्होंने कहा कि इस मजदूर परिवार की स्थिति बेहद दयनीय है और प्रशासन से शीघ्र मदद मिलनी चाहिए।
इसी बीच जब क्षेत्रीय लेखपाल से इस मामले के बारे में संपर्क किया गया तो बताया गया कि वे छुट्टी पर हैं। ऐसे में पीड़ित परिवार को सरकारी स्तर से मिलने वाले मुआवजे की कार्रवाई अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह