दुद्धी सोनभद्र। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने हाल ही में दुद्धी, ओबरा और रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र में हुई बड़ी चोरियों का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोरों के पास से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और चोरी में इस्तेमाल किया गया लोहे का रॉड समेत अन्य सामान बरामद किया गया है।
एएसपी अनिल कुमार और सीओ सिटी रणधीर मिश्र ने कोतवाली रॉबर्ट्सगंज परिसर में संवाददाताओं को जानकारी दी कि आरोपी फेरीवाले बनकर क्षेत्र में घूमते थे। फूल, गुब्बारे या अन्य सामान बेचने के बहाने दिन में लोगों के घर-दुकान पर नजर रखते और रात में वारदात को अंजाम देते। चोरी के बाद यह गिरोह झाड़ियों और जंगलों में अस्थायी डेरा डालकर रुकता और मौके बदलकर अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहता था।
अधिकारियों ने बताया कि 27 अगस्त की रात रॉबर्ट्सगंज के नई बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान से चोरी हुई थी। इसके ठीक अगले दिन 28 अगस्त की रात दुद्धी क्षेत्र में एक मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये का माल पार कर लिया गया। इससे पहले 27 जुलाई की रात ओबरा क्षेत्र में भी घर-ऑफिस से नकदी चोरी की घटना घटी थी। इन तीनों वारदातों की जांच के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के रायसेन निवासी भीम सिंह, दुर्योधन, होशंगाबाद निवासी कांजिरा बंजारा, कटनी निवासी तान सिंह, प्रयागराज निवासी आनंद बंजारा और सिपाही लाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इनके अन्य साथी आजाद (कटनी), राका व गोविंदा (बीना एमपी), गब्बर, काला (कटनी), शुकरिया (कटनी), दिनेश उर्फ जिगर (गुना एमपी), पपड़िया और प्रयागराज निवासी दिनेश की तलाश की जा रही है।
पूछताछ में चोरों ने बताया कि वे पहले इलाके में फेरीवाले बनकर घूमकर रेकी करते हैं। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से अपने साथियों को बुलाते हैं और ताला तोड़कर चोरी करने के बाद साथ लेकर स्थान बदल जाते हैं।
स्थानीय पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से दुद्धी और आसपास में सक्रिय गिरोह पर अंकुश लगेगा।
सोनभद्र, तहसील रिपोर्टर दुद्धी, विवेक सिंह