✍ किशोर कुमार दुर्ग छत्तीसगढ़ ब्यूरो चीफ इंडियन टीवी न्यूज नेशनल
छत्तीसगढ़ दुर्ग में बड़ा फाइनेंशियल फ्रॉड: शेयर मार्केट में रकम दुगुनी करने के नाम पर 12 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड दंपती समेत 5 गिरफ्तार
दुर्ग। स्मृति नगर चौकी थाना सुपेला पुलिस ने शनिवार को एक बड़े फाइनेंशियल फ्रॉड का पर्दाफाश किया है।
आरोपी गिरोह ने शेयर मार्केट में निवेश कर रकम एक साल में दुगुनी करने का लालच देकर करोड़ों की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डाली नामदेव समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सूर्या मॉल स्थित निशा बिजनेस कन्सलटेंट प्रा. लि. और सुपेला चौक स्थित यूनिक इन्वेस्टमेंट साल्यूशन नाम से फर्जी फर्म बनाई थी।
इन्हीं फर्मों के जरिए लोगों से निवेश कराकर धोखाधड़ी को अंजाम दिया जाता था। गिरोह निवेशकों को 20 से 40 प्रतिशत मासिक लाभ का झांसा देता और शुरुआती महीनों में कुछ रकम वापस कर उनका विश्वास जीत लेता था। इसके बाद मोटी रकम लेकर बाजार में निवेश करने की बजाय केवल मनी रोलिंग करता था। ग्राहकों को विश्वास दिलाने के लिए फर्जी दस्तावेज, मिरर इमेज पासवर्ड और आईडी तैयार कर व्हाट्सएप पर भेजी जाती थी।
अब तक करीब 10 से 12 करोड़ रुपए की ठगी से जुड़े दस्तावेज पुलिस ने बरामद किए हैं। वहीं, आरोपियों से धोखाधड़ी की रकम से खरीदे गए हार्ले डेविडसन बाइक, टाटा कर्व कार, सोने-चांदी के गहने, नगदी रकम, बैंक दस्तावेज, लैपटॉप, कंप्यूटर और वरटू कंपनी के महंगे मोबाइल समेत करीब 1 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में स्नेहांशु नामदेव (37 वर्ष) निवासी साईविला जंजगिरी थाना कुम्हारी डाली नामदेव (35 वर्ष) निशा मानिकपुरी (26 वर्ष) निवासी विजय नगर दुर्ग धातरी कोसरे (24 वर्ष) निवासी मरोदा भिलाई शुभम गुप्ता (25 वर्ष) निवासी कृपाल नगर कोहका शामिल हैं।