Indian tv news /ब्यूरो चीफ. करन भास्कर चन्दौली उत्तर प्रदेश
चन्दौली वाराणसी। नगर निगम प्रशासन ने लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जलकल विभाग के सहायक अभियंता मनीष सिंह को कार्य में अनुशासनहीनता और घोर लापरवाही बरतने पर प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी है।
सूत्रों के अनुसार, नगर आयुक्त ने 21 जुलाई को रविंद्रपुरी, दुर्गाकुंड स्थित कबीर नगर और भवनिया पोखरी स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान कई गंभीर समस्याएँ सामने आईं, जिन्हें लेकर 23 जुलाई को सहायक अभियंता मनीष सिंह को पत्र भेजा गया था। लेकिन उन्होंने उस पत्र का कोई जवाब नहीं दिया और न ही समस्याओं का समाधान कराया।महाप्रबंधक जलकल से मिली जानकारी में भी यह सामने आया कि –
रविंद्रपुरी क्षेत्र की सभी गलियों का सीवर इंटरकनेक्शन मेन रोड से नहीं जोड़ा गया, जबकि यह कार्य मनीष सिंह की जिम्मेदारी थी।
शुक्ला चौराहा लेन नंबर 10 में सीवर सफाई से निकले मलबे का अंबार पड़ा रहा, जिससे जलजमाव की समस्या बनी रही।
दुर्गाकुंड व शंकुलाधारा क्षेत्र में स्थित कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन के पास सीवर चेंबर की सफाई नहीं कराई गई।
आईजीआरएस पोर्टल और जनप्रतिनिधियों से मिली शिकायतों का भी समय पर निस्तारण नहीं किया गया।नगर आयुक्त ने इन सभी मामलों को गंभीर मानते हुए मनीष सिंह के कार्यों को उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही करार दिया। इसके साथ ही उन्होंने सहायक अभियंता को कड़ी चेतावनी देते हुए प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज की।